
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की अंतिम यात्रा कल सुबह 9.30 बजे
नईदिल्ली [ महामीडिया] पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का गुरुवार रात निधन हो गया। उनकी अंतिम यात्रा कल शनिवार को सुबह 9:30 बजे दिल्ली स्थित ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी मुख्यालय से शुरू होगी। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बताया- शनिवार सुबह 8 बजे डॉ. सिंह का पार्थिव शरीर उनके आवास से ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी मुख्यालय लाया जाएगा जहां सुबह 8:30 बजे से 9:30 बजे तक लोग और कांग्रेस कार्यकर्ता उन्हें श्रद्धांजलि दे सकेंगे। मनमोहन सिंह 2004 में देश के 14वें प्रधानमंत्री बने थे उन्होंने मई 2014 तक इस पद पर दो कार्यकाल पूरे किए थे। वह देश के पहले सिख और सबसे लंबे समय तक रहने वाले चौथे प्रधानमंत्री थे। मनमोहन सिंह के निधन के चलते केंद्र सरकार ने 7 दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया है। साथ ही शुक्रवार को होने वाले सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं।