भारत मातृ उपासक देश है, हम उसकी सेवा का संकल्प लेते हैं- ब्रह्मचारी गिरीश

भारत मातृ उपासक देश है, हम उसकी सेवा का संकल्प लेते हैं- ब्रह्मचारी गिरीश

भोपाल (महामीडिया) "भारत मातृ प्रधान एवं मातृ उपासक देश है। हम प्रतिक्षण मां की कृपा का अनुभव करते हैं और उनकी सेवा का संकल्प लेते हैं।" यह बात ‘ग्लोबल मदर डिवाईन’ महोत्सव (वैश्विक देवी मंडल) का शुभारंभ करते हुए महर्षि संस्थान के चेयरमैन वेद विद्या मार्तंड ब्रह्मचारी गिरीश जी ने कही।
छान स्थित ब्रह्मानंद सरस्वती आश्रम में आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने आगे बताया कि वर्ष 1981 से ‘मदर डिवाइन’ कार्यक्रम पूरे विश्व में चल रहा है और अब भारत में मातृ मंडल सदस्यों का स्थापन तथा विस्तार भोपाल के भोजपुर मार्ग स्थित महर्षि आनंद निकेतन में शुरू हो रहा है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम सिर्फ भारत में नहीं बल्कि पूरी दुनिया में इसका और अधिक विस्तार किया जाएगा। भोपाल में ही एक हजार से अधिक महिलाओं का समूह निरंतर भावातीत ध्यान का अभ्यास करेगा ताकि पूरे विश्व की सामूहिक चेतना में सत्य की वृद्धि हो और सभी राष्ट्रों को आर्थिक समृद्धि, शांति और अजेयता प्राप्त हो सके।
इस अवसर पर ब्रह्मचारी गिरीश जी ने बताया कि ‘‘परम पूज्यनीय महर्षि महेश योगी जी प्रतिदिन एक लक्ष्य चंडी महायज्ञ विंध्याचल क्षेत्र में करवाने की इच्छा रखते थे, इसलिए संस्थान ने तय किया है कि इस क्षेत्र का विस्तार किया जाएगा। अभी तक छह लक्ष्य चंडी महायज्ञ पूर्ण हो चुके हैं।"
इस अवसर पर अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त डॉ. राजा हैरिस, राजेश्वरी कीर्ति श्रीवास्तव, राज राजेश्वरी पी सुशान हरमेल, दिव्य मातृ डॉ हेमलता रेड्डी ने भी ऑनलाईन माध्यम से ‘ग्लोबल मदर डिवाईन’ कार्यक्रम के बारे में अपने विचार रखे एवं महर्षि संस्थान को कार्यक्रम की अग्रिम शुभकामनाएं प्रदान कीं।
कार्यक्रम में महर्षि विद्या मंदिर विद्यालय समूह के निदेशक (संचार एवं जनसंपर्क) व्ही. आर. खरे ,महर्षि विश्व शांति आंदोलन की राष्ट्रीय संचार सचिव श्रीमती आर्या नंदकुमार, छतरपुर की भावातीत ध्यान शिक्षिका ऊषा मिश्रा एवं भोपाल की अरमा सक्सेना मंच पर उपस्थित थीं। कार्यक्रम का संचालन डॉ. निलिम्प त्रिपाठी ने किया। 
इस कार्यक्रम के बाद भजन संध्या के कार्यक्रम का भी आयोजन हुआ जिसमें सुप्रसिद्ध भजन गायिका श्रीमती अरूणा परांजपे ने अपनी मंडली के साथ देवी भजनों की संगीतमय प्रस्तुति दी जिसे उपस्थित दर्शकों ने खूब सराहा । 
 

सम्बंधित ख़बरें