
गुजरात और महाराष्ट्र में भारी बारिश, नदियां उफ़ान पर
अंकलेश्वर [महामीडिया] मानसून के चलते गुजरात और महाराष्ट्र में भारी बारिश हुई। इसके चलते कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। रायगढ़ में अंबा और कुंडलिका नदियां खतरे के निशान को पार कर गई हैं। वहीं पातालगंगा नदी के लिए भी चेतावनी जारी की गई है। रत्नागिरी में जगबूदी नदी भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। एहतियात के तौर पर रायगढ़ जिले में सभी स्कूल और कॉलेज आज के लिए बंद कर दिए गए हैं। पश्चिमी महाराष्ट्र में इंद्रायणी और कुछ दूसरी नदियों में बाढ़ आ गई है। नासिक में गोदावरी नदी भारी बारिश के कारण उफान पर है। यहां कई मंदिर गोदावरी के पानी में डूब गए हैं। भारी बारिश के चलते गुजरात के अहमदाबाद, वापी और राजकोट में सड़क, घरों और दुकानों में पानी भर गया है। सावरकुंडला, राजुला में स्थानीय नदियां उफान पर आ गई हैं। भारी बारिश से गुजरात में हाईवे भी जाम हो गए हैं। अंकलेश्वर - भरूच मार्ग पर 20 किमी जाम लगा है वहीं सूरत वडोदरा हाईवे पर कई वाहन फंसे हुए हैं।