महर्षि जी के संकल्प पूर्ण करना ही हमारा संकल्प : ब्रह्मचारी गिरीश जी      

महर्षि जी के संकल्प पूर्ण करना ही हमारा संकल्प : ब्रह्मचारी गिरीश जी      

भोपाल [महामीडिया] महर्षि विश्व शांति आंदोलन की इकाई सहस्त्रशीर्षा पुरूषा मंडल के स्थापना दिवस एवं अक्षय तृतीया पर्व समारोह को  संबोधित करते हुए महर्षि महेश योगी संस्थान के प्रमुख एवं वेद विद्या मार्तंड ब्रह्मचारी गिरीश जी ने कहा कि "आज अक्षय तृतीया के दिन जो भी संकल्प भावातीत चेतना में स्थित होकर लेते हैं वह अवश्य पूर्ण होते हैं। आज हम सभी का संकल्प यही है कि महर्षि जी के जितने संकल्प अभी तक शेष है, उन सभी को अपने जीवन काल में पूर्ण करना है। इसमें संपूर्ण मानवता का कल्याण, सुख शांति, समृद्ध जीवन एवं तनाव मुक्त जीवन भी शामिल है।

उन्होंने कहा कि हम सभी को मिलकर महर्षि आध्यात्मिक जन जागरण के दौरान समाज के प्रत्येक कार्यक्रमों में भावातीत ध्यान, सिद्धि एवं समस्त देवी-देवताओं  के रक्षा कवच का पाठ पहुंचाना होगा। ऐसा करके ही हम सामूहिक चेतना में सतोगुण फैलाकर नकारात्मकता को दूर कर सकते हैं। हमें हर हालत में समाज को साधक और ज्ञानी बनाना है। महर्षि जी का संकल्प यही है कि ज्ञान ध्वज अर्थात वेद ध्वज के नीचे जब तक पूरा समाज नहीं आ जाता तब तक हमारा संकल्प अधूरा रहेगा। जिसे हम सभी को मिलकर पूर्ण करना है।"

ब्रह्मचारी गिरीश जी ने आगे कहा कि आजकल प्रत्येक व्यक्ति केवल भौतिक संकल्प के बारे में सोचता है लेकिन हमें महर्षि संस्थान में सारा ध्यान आध्यात्मिक संकल्प की ओर लगाना है। साधना से सारे संकल्पपूर्ण होंगे और इन सभी में स्थाईत्व होगा। इसलिए हमें कामना एवं याचना की आवश्यकता नहीं है।

इस अवसर पर महर्षि महेश योगी वैदिक विश्वविद्यालय के पूर्व कुलगुरु प्रोफेसर भुवनेश शर्मा ने कहा कि आज के दिन किए गए प्रत्येक कार्य का क्षय नहीं होता अर्थात अक्षय फल की प्राप्ति होती है जो की अखंड होता है। इसलिए आज हम जो भी संकल्प ले रहे हैं वह अक्षय फल देने वाला होगा महर्षि जी के संकल्पों को पूरा करने के लिए ही हमने पुरुषा एवं महिला मंडल की स्थापना की है। इसलिए सभी लोग संकल्प लेकर आगे बढ़े।

इसके पश्चात महर्षि मंगलम भवन में उपस्थित समस्त लोगों ने महर्षि विश्व शांति आंदोलन के विश्व बाल शांति दूतों के साथ शांति के माध्यम से भूतल पर स्वर्ग की स्थापना हेतु एक सामूहिक संकल्प लिया। इसके बाद महर्षि विद्या मंदिर विद्यालयों के छात्र एवं छात्राओं ने अक्षय तृतीया, सहस्त्र शीर्षा मंडल एवं विश्व शांति पर अपने अपने विचार प्रकट करते हुए प्रत्येक संकल्प को पूरा करने में संस्थान का साथ देने की अपनी -अपनी प्रतिबद्धता को दुहराया।

कार्यक्रम के अंत में विभिन्न महर्षि विद्या मंदिर विद्यालयों के छात्र एवं छात्राओं ने उत्कृष्ट सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर भाव विभोर कर दिया। इस दौरान मंच पर महर्षि विद्या मंदिर विद्यालय समूह के समस्त निदेशक गण उपस्थित थे। कार्यक्रम का शुभारंभ महर्षि संस्थान की परंपरा अनुसार गुरु परंपरा पूजन एवं शांति पाठ के साथ प्रारंभ हुआ था।

इस कार्यक्रम का आयोजन नर्मदा पुरम मार्ग स्थित महर्षि विद्या मंदिर विद्यालय रतनपुर के महर्षि मंगलम भवन में रखा गया था। अक्षय तृतीया समारोह का आयोजन महर्षि विद्या मंदिर विद्यालय समूह, महर्षि विश्व विद्यापीठम एवं महर्षि विश्व शांति आंदोलन द्वारा संयुक्त रूप से किया गया था।

 

सम्बंधित ख़बरें