
ईरान से लौटे मुस्लिम छात्रों ने वंदे मातरम के नारे लगाए
नई दिल्ली (महामीडिया): ईरान और इजराइल संघर्ष के बीच ऑपरेशन सिंधु के तहत शुक्रवार देर रात 290 भारतीय नागरिक दिल्ली लौटे। इनमें से ज्यादातर कश्मीर के छात्र हैं। इसके अलावा कुछ यात्री दिल्ली, हरियाणा, कर्नाटक और पश्चिम बंगाल से भी हैं।
विदेश मंत्रालय के मुताबिक, अब तक 517 भारतीय नेशनल स्वदेश लौट चुके हैं। शुक्रवार देर रात 2 बैच में 407 भारतीय लौटे। देर रात 10:30 बजे की फ्लाइट में 190 कश्मीरी छात्रों समेत 290 और देर रात 3 बजे की फ्लाइट में 117 लोग थे। इससे पहले 19 जून को 110 छात्र आर्मेनिया और दोहा के रास्ते भारत पहुंचे थे। एक और फ्लाइट शनिवार शाम तक आ सकती है।
ईरान से दिल्ली पहुंचे इन यात्रियों ने एयरपोर्ट पर 'वन्दे मातरम्' और 'भारत माता की जय' के नारे लगाए। इस दौरान कुछ लोग भावुक भी हो गए। उनकी आंखों में आंसू थे, तो कुछ ने जमीन पर माथा टेककर शुक्रिया भी अदा किया।
तेहरान के इमाम खोमैनी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से 290 भारतीय नागरिकों को लेकर माहान एयर के इस विमान ने भारतीय समयानुसार शुक्रवार शाम 6:30 बजे नई दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। यह विमान देर रात 11:30 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंड हुआ।