
महर्षि संस्थान में श्री गुरु पूर्णिमा महोत्सव का द्वितीय दिवस आज
भोपाल[ महामीडिया ] महर्षि संस्थान द्वारा संपूर्ण भारत वर्ष में लगभग 300 नगरों में श्री गुरु पूर्णिमा का उत्सव बड़े धूमधाम से कार्यकर्ताओं एवं श्रद्धालुओं द्वारा मनाया जा रहा है। समान रूप से इस कार्यक्रम का आयोजन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी 100 से अधिक देशों में यह उत्सव मनाया जा रहा है। प्रमुख रूप से दो दिवसीय महोत्सव का आयोजन भारत के हृदय प्रांत की राजधानी भोपाल में गुरुदेव ब्रह्मानंद सरस्वती आश्रम, छान वार्ड भोपाल में स्थित महर्षि उत्सव भवन में महर्षि संस्थान के प्रमुख वेद विद्या मार्तंड ब्रह्मचारी गिरीश जी की अध्यक्षता में आयोजित किया जा रहा है। आज 10 जुलाई को श्री गुरु पूर्णिमा के पावन पर्व पर ब्रह्मचारी गिरीश जी मुख्य वक्ता होंगे जो महर्षि संस्थान के इस वर्ष की समस्त उपलब्धियां को वैदिक गुरु परंपरा के आचार्यों श्री गुरुदेव स्वामी ब्रह्मानंद सरस्वती जी महाराज और परम पूज्य महर्षि महेश योगी जी के श्री चरणों में अर्पित करते हुए अगले वर्ष की कार्य योजनाओं को घोषित करके गुरुजनों का आशीष प्राप्त करेंगे। इस अवसर पर अन्य वक्ताओं के रूप में महर्षि महेश योगी वैदिक विश्वविद्यालय के पूर्व कुलगुरु प्रो. भुवनेश शर्मा , मल्टी स्पेशलिटी आयुर्वेद हेल्थ अवेयरनेस प्रोग्राम के निदेशक मधुसूदन देशपांडे और महर्षि संस्थान के निदेशक संचार एवं जनसंपर्क विजय रत्न खरे का उद्बोधन होगा। इस संपूर्ण श्री गुरु पूर्णिमा महोत्सव का प्रसारण रामराज टीवी के वेबसाइट, यूट्यूब एवं फेसबुक चैनलों पर भी प्रसारित किया जा रहा है जिसे सौ से अधिक देशों में देखा जा सकता है।