
भारत अगले साल तक दुनिया में सबसे ज़्यादा स्टील खपत वाला देश बन जाएगा
भोपाल [महामीडिया] टाटा स्टील के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने शेयरधारकों को लिखे पत्र में कहा है कि भारत दुनिया की सबसे तेज़ी से बढ़ने वाली बड़ी अर्थव्यवस्था बना हुआ है। इसकी वजह बेहतर जनसंख्या संरचना लगातार हो रहे ढांचागत सुधार, कम महंगाई और सरकार की ओर से मिल रही फिस्कल छूटें हैं। उन्होंने कहा कि ब्याज दरों में कटौती, पूंजीगत खर्च में बढ़ोतरी और टैक्स छूटों के चलते निजी निवेश और लोगों की खरीदारी क्षमता में इजाफा होगा। इसके चलते भारत 2026 तक दुनिया में सबसे ज़्यादा स्टील खपत वाला देश बन सकता है। चंद्रशेखरन ने बताया कि वित्त वर्ष 2024-25 में वैश्विक स्टील उत्पादन 1.83 अरब टन पर स्थिर रहा। हालांकि कोकिंग कोल की कीमतें कम थीं फिर भी सप्लाई चेन में अनिश्चितता के चलते मुनाफे पर दबाव बना रहा।इसके उलट भारत का स्टील सेक्टर दुनिया के मुकाबले बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। देश में कच्चे स्टील का उत्पादन सालाना आधार पर 4.7% बढ़ा और स्टील की खपत 10.2% बढ़ी। यह बढ़त मुख्य रूप से निर्माण, शहरीकरण और औद्योगिक गतिविधियों की वजह से हुई है। टाटा स्टील ने भारत में शानदार प्रदर्शन किया है। कंपनी ने देशभर में अपनी फैक्ट्रियों को लगभग पूरी क्षमता पर चलाया और अब तक का सबसे ज्यादा कच्चा इस्पात उत्पादन किया जो 21.7 मिलियन टन रहा। इस दौरान 20.9 मिलियन टन स्टील की डिलीवरी भी की गई।