
मप्र: कल से प्रदेश के तापमान में होगी भारी गिरावट
भोपाल (महामीडिया): प्रदेश में वर्तमान में अलग-अलग स्थानों पर चार मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं। हवाओं के साथ नमी आने से आंशिक बादल भी बने हुए हैं। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, शुक्रवार को पश्चिमी विक्षोभ के आगे बढ़ने की संभावना है। इस वजह से शनिवार से रात के तापमान में गिरावट हो सकती है। पिछले 24 घंटों के दौरान गुरुवार सुबह साढ़े आठ बजे तक भिंड, मुरैना, शिवपुरी, ग्वालियर एवं छतरपुर में वर्षा हुई। गुरुवार को प्रदेश में सबसे कम 11.5 डिग्री सेल्सियस तापमान हिल स्टेशन पचमढ़ी में दर्ज किया गया। दिन का सबसे अधिक 34 डिग्री सेल्सियस तापमान खरगोन में रिकार्ड हुआ।