देश के 6 राज्यों में लू का अलर्ट

देश के 6 राज्यों में लू का अलर्ट

नई दिल्ली (महामीडिया): देश के उत्तरी राज्यों में तेज गर्मी का दौर जारी है। देश के 6 राज्यों के 18 शहरों का तापमान सोमवार को 45 डिग्री के ऊपर रहा। इन राज्यों में राजस्थान, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, दिल्ली और ओडिशा शामिल हैं। राजस्थान का श्रीगंगानगर 47.3°C के साथ देश में सबसे गर्म रहा।

दिल्ली-NCR समेत पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश के ज्यादातर जिलों में मंगलवार को भी हीट वेव और तेज गर्मी की चेतावनी है। दिल्ली में आज भी तापमान 45°C के पास जा सकता है। राज्य में अगले दो दिन के लिए हीट वेव-गर्मी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग ने राजस्थान में तेज हीट वेव का रेड अलर्ट जारी किया है। सबसे ज्यादा असर पश्चिमी जिलों जैसलमेर, बाड़मेर, जोधपुर, पाली, जालोर, सिरोही में है। हरियाणा में भी सोमवार को तापमान 45 डिग्री के आंकड़े को भी पार कर गया। प्रदेश में सिरसा 46.4 डिग्री तापमान के साथ सबसे गर्म रहा।

असम में बाढ़ की स्थिति में सुधार तो हुआ है, लेकिन राज्य के 1.63 लाख लोग अभी भी बाढ़ से प्रभावित हैं। राज्य में इस साल बाढ़ और लैंडस्लाइड की घटनाओं में 27 लोगों की मौत हो चुकी है। फिलहाल कोई भी नदी खतरे के निशान के ऊपर नहीं बह रही है।

सम्बंधित ख़बरें