
जस्टिस बी.आर.गवई देश के नए मुख्य न्यायाधीश होंगे
नई दिल्ली [महामीडिया] भारत के मुख्य न्यायाधीश संजीव खन्ना ने अपने उत्तराधिकारी के रूप में जस्टिस बीआर गवई के नाम की आधिकारिक सिफारिश की है। उनके नाम को मंजूरी के लिए केंद्रीय कानून मंत्रालय को भेज दिया गया है। इसके साथ ही जस्टिस भूषण रामकृष्ण गवई के भारत का मुख्य न्यायाधीश बनना तय हो गया है। परंपरा है कि मौजूदा मुख्य न्यायाधीश अपने उत्तराधिकारी के नाम की सिफारिश तभी करते हैं जब उन्हें कानून मंत्रालय से ऐसा करने का आग्रह किया जाता है। मौजूदा मुख्य न्यायाधीश संजीव खन्ना का कार्यकाल 13 मई को खत्म हो रहा है। मुख्य न्यायाधीश खन्ना के बाद वरिष्ठता सूची में जस्टिस गवई का नाम है। इसलिए जस्टिस खन्ना ने उनका नाम आगे बढ़ाया है। हालांकि उनका कार्यकाल सिर्फ 7 महीने का होगा। न्यायमूर्ति गवई जो इस समय सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश के रूप में कार्यरत हैं 14 मई 2025 को भारत के 52वें मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ लेंगे। यह नियुक्ति न्यायमूर्ति खन्ना के 13 मई को सेवानिवृत्त होने के अगले दिन होगी।