
G-२० समिट में सऊदी क्राउन प्रिंस का आना तय नहीं
नई दिल्ली (महामीडिया): रूसी राष्ट्रपति पुतिन और चीन के प्रेसिडेंट जिनपिंग के बाद अब सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान के भी G-20 समिट में शामिल न होने की आशंका है। न्यूज एजेंसी ANI ने पाकिस्तानी मीडिया द नेशन के हवाले से बताया कि क्राउन प्रिंस ने G-20 के लिए भारत दौरा कैंसिल कर दिया है। मीडिया रिपोर्ट्स में ये भी कहा गया था कि समिट के बाद वो 11 सितंबर को एक दिन के लिए भारत की स्टेट विजिट पर रहेंगे। इसके ठीक पहले वो कुछ घंटों के लिए पाकिस्तान भी जाने वाले थे। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मुमताज जहरा बलोच ने कहा- बिन सलमान का पाक दौरा स्थगित हो गया है और इसकी नई तारीखें जल्द ही बताई जाएंगी।
द नेशन ने बताया कि पहले क्राउन प्रिंस ने पाकिस्तान का दौरा भी खारिज कर दिया था। इसके बाद वहां के अधिकारियों से बातचीत के बाद इसे पोस्पोन किया गया। बिन सलमान पाकिस्तान में केयरटेकेर PM काकर और आर्मी चीफ मुनीर से मिलने वाले थे। इसके अलावा G-20 समिट में शामिल होने के लिए रूस के राष्ट्रपति पहले ही इनकार कर चुके हैं। पुतिन ने 28 अगस्त को PM मोदी से फोन पर बातचीत के दौरान बताया था कि शिखर सम्मेलन में उनकी जगह विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव शामिल होंगे। पुतिन इससे पहले ब्रिक्स समिट के लिए भी साउथ अफ्रीका के जोहान्सबर्ग नहीं गए थे। वहीं चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के भी भारत आने पर संदेह बना हुआ है। गुरुवार को रॉयटर्स ने अपनी रिपोर्ट में बताया था कि जिनपिंग की जगह चीन के प्रधानमंत्री ली कियांग शामिल होंगे।