
म.प्र.के गांवों में फिर से कर वसूली शुरू होगी
भोपाल [महामीडिया] म.प्र.के गांवों में फिर से कर वसूली शुरू होगी । म.प्र. में वर्ष 2022 में पहली बार प्रायोगिक तौर पर पंचायतों में कर प्रणाली शुरू की थी। मार्च 2023 तक जिले की पंचायतों में जल कर, स्वच्छता कर और संपत्ति कर वसूल भी किया। तब एक साल में कुल तीन करोड़ 17 लाख 53,673 रुपये की वसूली हुई थी। बाद में इसे बंद कर दिया गया। बताया गया कि त्रिस्तरीय पंचायत और विधानसभा चुनाव को लेकर जनप्रतिनिधियों के दबाव में इसे बंद करना पड़ा। चुनाव के बाद इसके बकाए हिस्से की वसूली फिर से की गई थी। अब नए सिरे से कर निर्धारण कर वसूली प्रक्रिया स्थायी तौर पर शुरू की जा रही है। इसमें पहली बार व्यावसायिक गतिविधियों पर कर लगाया जाएगा । अधिकारियों का कहना है कि पंचायतों के पास इस से अपनी निधियां तैयार होंगी। इसका उपयोग स्थानीय जरूरतों के अनुसार विकास कार्यों के संचालन में हो सकेगा। खुद का फंड नहीं होने के कारण पंचायतें विकास कार्यों के लिए दूसरी निधियों के भरोसे रहती हैं।