
अमेरिका और रूस जल्द ही नतीजों पर पहुंचेंगे
अलास्का [महामीडिया] अलास्का में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच करीब तीन घंटों तक बैठक हुई। इसके बाद दोनों नेताओं ने चंद मिनटों के लिए मीडिया को संबोधित किया। इस बैठक से कोई ठोस समझौता सामने नहीं आया है लेकिन डॉनल्ड ट्रंप ने कहा है कि यूक्रेन को लेकर दोनों नेताओं के बीच कुछ मुद्दों पर सहमति बनी है। अंतरराष्ट्रीय समुदाय को उम्मीद थी कि इस बैठक में रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने को लेकर कोई ठोस समझौता होगा। यहां तक कि खुद ट्रंप ने भी ऐसी ही उम्मीद जताई थी। बैठक से पहले एक बयान में उन्होंने पुतिन को चेतावनी भी दी थी कि अगर वह यूक्रेन में शांति के लिए तैयार नहीं होते हैं तो इसके गंभीर परिणाम होंगे। प्रेस वार्ता में रूसी राष्ट्रपति ने कहा कि वह और ट्रंप, यूक्रेन के मुद्दे पर एक ‘अंडरस्टैंडिंग’ पर पहुंच गए हैं। उन्होंने यूरोप और यूक्रेन को चेतावनी दी कि वह इस प्रगति में कोई बाधा न डाले। पुतिन ने कहा कि यह बैठक समाधान खोजने की शुरुआत है उन्होंने रूस-यूक्रेन युद्ध को एक त्रासदी बताया और कहा कि युद्ध के प्राथमिक कारणों पर ध्यान देने की जरूरत है। रूसी राष्ट्रपति ने यह भी कहा कि ट्रंप के साथ उनकी अगली बैठक रूस में हो सकती है।