नवीनतम
महर्षि संस्थान में दीपावली मिलन समारोह संपन्न
भोपाल [महामीडिया] महर्षि संस्थान में दीपावली मिलन समारोह का आयोजन किया गया जिसमें "भारत का आदर्श भारत में रूपांतरण विषय" पर परिचर्चा संपन्न हुई। इस अवसर पर महर्षि शैक्षणिक संस्थानों एवं महर्षि महेश योगी संस्थान के प्रमुख वेद विद्या मार्तंड ब्रह्मचारी गिरीश जी ने स्लाइड शो के माध्यम से महर्षि संस्थान की गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए उपस्थित सभी लोगों से समाज के आध्यात्मिक विकास और चेतना की उच्चतर अवस्थाओं को प्राप्त करने में संस्था के प्रयासों से जुड़ने के लिए आग्रह किया।
ब्रह्मचारी जी का कहना था कि ऐसा करने से सभी व्यक्तियों को शांतिपूर्ण, सफल एवं सुखी जीवन प्राप्त हो सकता है। इसलिए सभी लोग मिलकर अपना कुछ बहुमूल्य समय निकालकर समाज के हित में समर्पित करने एवं जीवन के इस महान भारतीय वैदिक ज्ञान को सभी लोगों को उपलब्ध कराने के लिए एकजुट हो जाएं जिसे सभी उपस्थित लोगों ने सहर्ष स्वीकार कर लिया।
दीपावली मिलन समारोह में उपस्थित भोपाल जिले के पूर्व आयुक्त आजातशत्रु श्रीवास्तव ने सभी उपस्थित लोगों को प्रेरित करते हुए बताया कि यह महर्षि ज्ञान वास्तव में समाज को सकारात्मकता के साथ तेजी से आगे बढ़ाने में सहायक हो सकता है और हम सभी लोग मिलकर ऐसा कर सकते हैं। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि उन्हें जानकर यह अत्यंत प्रसन्नता हुई है कि महर्षि संस्थान समाज के व्यापक हित में इतना कुछ कर रहा है और वह फली भूत हो रहा है।
इस समारोह में महर्षि विद्या मंदिर विद्यालय समूह की संयुक्त निर्देशिका श्रीमती रीता प्रकाशम ने संपूर्ण विश्व समाज के हित में उपस्थित सभी लोगों से महर्षि संस्थान द्वारा संचालित विभिन्न कार्यक्रमों से जुड़ने का आवाहन करते हुए सभी का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर 70 से अधिक गणमान्य नागरिकों ने दीपावली मिलन समारोह में हिस्सा लिया। सभी उपस्थित लोगों ने बारी बारी से अपने सुझाव देते हुए महर्षि संस्थान द्वारा चलाए जा रहे विविध संकल्पों की सराहना करते हुए कई सुझाव प्रस्तुत किए। इस दीपावली मिलन समारोह का आयोजन महर्षि वैदिक सांस्कृतिक केंद्र,अरेरा कॉलोनी भोपाल में किया गया था।