म.प्र: भोपाल समेत कई जिले शीतलहर की चपेट में

म.प्र: भोपाल समेत कई जिले शीतलहर की चपेट में

भोपाल  (महामीडिया): उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। वहां से आ रही सर्द हवाओं के प्रभाव से मध्य प्रदेश में ठिठुरन बरकरार है। इसी क्रम में रविवार को प्रदेश में सबसे कम 6.1 डिग्री सेल्सियस तापमान उमरिया में दर्ज किया गया। भोपाल एवं शहडोल जिले में शीतलहर का प्रभाव रहा। खंडवा एवं नरसिंहपुर में शीतल दिन रहा।

मौसम विज्ञानियों के मुताबिक मौसम का इस तरह का मिजाज अभी तीन-चार दिन तक बना रह सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ अफगानिस्तान और पाकिस्तान के मध्य में द्रोणिका का रूप में बना हुआ है। हवाओं का रुख उत्तरी बना हुआ है।

IMD के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी एचएस पांडे ने बताया कि उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। वहां से आ रही सर्द हवाओं के कारण मध्य प्रदेश में ठिठुरन बनी हुई है। सोमवार को भोपाल, इंदौर, शहडोल जिले में शीतलहर का प्रभाव रह सकता है।

मौसम विशेषज्ञ अजय शुक्ला ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत की तरफ बढ़ रहा है। उसके प्रभाव से तापमान में धीरे-धीरे कुछ बढ़ोतरी होने की संभावना है। हालांकि अभी तीन-चार दिन तक प्रदेश के अधिकतर जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार अभी दो-दिनों तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा। तापमान में उतार-चढ़ाव के बीच ठंड का असर ऐसा ही बना रहेगा।

सम्बंधित ख़बरें