
भोपाल-इंदौर में आज हो सकती है बूंदाबांदी
भोपाल (महामीडिया): मध्यप्रदेश में पिछले 2 दिन से मौसम साफ है। शुक्रवार को प्रदेश में बूंदाबांदी का ही दौर चला। चौथे दिन शनिवार को भी ऐसा ही मौसम रहेगा, लेकिन 3 और 4 अगस्त को प्रदेश में एक बार फिर से भारी बारिश का दौर शुरू हो सकता है।
सीनियर मौसम वैज्ञानिक ने बताया, अभी साइक्लोनिक सर्कुलेशन और टर्फ प्रदेश के ऊपर है। 24 घंटे बाद सिस्टम का असर प्रदेश के उत्तरी हिस्से में देखने को मिल सकता है। ग्वालियर, चंबल और सागर संभाग के जिलों में तेज बारिश हो सकती है। इससे पहले शुक्रवार को भी भारी बारिश का दौर थमा रहा। ग्वालियर, गुना, श्योपुर, दमोह, मंडला और उमरिया में हल्की बारिश हुई।
बारिश के कारण भिंड जिले में शुक्रवार को भी बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी रही। सिंध और चंबल नदियां खतरे के निशान से 6 से 7 मीटर ऊपर बही। जिससे कई गांवों का मुख्य मार्गों से संपर्क टूट गया।
प्रदेश में 16 जून को मानसून ने आमद दी थी। तब से अब तक औसत 28 इंच बारिश हो चुकी है। अब तक 17.6 इंच पानी गिरना था। इस हिसाब से 10.5 इंच पानी ज्यादा गिर चुका है। प्रदेश की सामान्य बारिश औसत 37 इंच है।