
भारत का रूस से तेल नहीं खरीदने की खबर से ट्रम्प खुश
नई दिल्ली (महामीडिया): अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने शुक्रवार को कहा कि भारत की सरकारी रिफाइनरियों ने रूस से तेल खरीदना बंद कर दिया है। ट्रम्प ने इन खबरों का स्वागत किया है और इसे अच्छा कदम बताया। हालांकि ट्रम्प ने कहा कि उन्हें इन खबरों की सटीकता पर यकीन नहीं है। इससे पहले मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि भारत ने अमेरिकी दबाव में रूस से ऑयल खरीदना बंद कर दिया है। इसके बाद शुक्रवार शाम भारतीय विदेश मंत्रालय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। हालांकि इसमें यह स्पष्ट नहीं किया गया कि इस दावे में कितनी सच्चाई।
अमेरिका रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच रूस की आय को कम करने के लिए दबाव बना रहा है। रूस 2022 में यूक्रेन युद्ध के बाद लगे पश्चिमी प्रतिबंधों के कारण कम कीमत पर तेल बेचता है। भारत, जो दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा तेल आयातक है, इस सस्ते तेल से अपनी ऊर्जा लागत कम करता है। साथ ही तेल आपूर्ति के लिए सऊदी अरब, इराक जैसे देशों पर निर्भरता कम करता है।
हाल ही में खबरें आईं थी कि भारतीय तेल कंपनियों जैसे इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन, हिंदुस्तान पेट्रोलियम और भारत पेट्रोलियम ने रूसी तेल की खरीद रोक दी है, क्योंकि छूट कम हो रही है और शिपिंग में दिक्कतें आ रही हैं। रॉयटर्स ने अपनी एक रिपोर्ट में दावा किया था कि पिछले एक सप्ताह में रूस से कच्चे तेल की मांग नहीं की गई है। रॉयटर्स ने सूत्रों के हवाले से बताया कि भारतीय रिफाइनरीयां रूसी कच्चे तेल से हाथ खींच रही हैं, क्योंकि छूट 2022 के बाद से अपने सबसे निचले स्तर पर आ गई है।