युवाओं के लिए उन्नत तकनीकी कौशल अपनाना जरूरी है: राष्ट्रपति मुर्मू

युवाओं के लिए उन्नत तकनीकी कौशल अपनाना जरूरी है: राष्ट्रपति मुर्मू

नई दिल्ली (महामीडिया): राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को कहा कि भारत प्रौद्योगिकी-संचालित विकास पथ पर आगे बढ़ रहा है। ऐसे में यह जरूरी है कि युवा उन्नत तकनीकी कौशल को अपनाएं।

भारतीय कौशल विकास सेवा (आईएसडीएस) के परिवीक्षार्थियों को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि कौशल और ज्ञान किसी भी राष्ट्र के आर्थिक विकास और सामाजिक प्रगति के इंजन हैं। उन्होंने कहा, ‘‘ जो देश उच्च कुशल कार्यबल विकसित करते हैं वे वैश्विक चुनौतियों का सामना करने और विकास के विभिन्न क्षेत्रों में उभरते अवसरों का लाभ उठाने के लिए बेहतर ढंग से तैयार होते हैं।’’ मुर्मू ने कहा, ‘‘जैसे-जैसे भारत प्रौद्योगिकी-संचालित विकास पथ पर आगे बढ़ रहा है, यह ज़रूरी है कि हमारे युवा उन्नत तकनीकी कौशल को अपनाएं।’’

राष्ट्रपति ने कहा कि परिवीक्षाधीन अधिकारी एक मज़बूत और भविष्य के लिए तैयार कार्यबल तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा, ‘‘भारत को विश्व की कौशल राजधानी बनाने में आपकी भूमिका महत्वपूर्ण होगी।’’

आईएसडीएस के अलावा भारतीय सांख्यिकी सेवा और केंद्रीय इंजीनियरिंग सेवा के परिवीक्षाधीन अधिकारियों ने भी राष्ट्रपति से मुलाकात की। भारतीय सांख्यिकी सेवा के परिवीक्षाधीन अधिकारियों को संबोधित करते हुए मुर्मू ने कहा कि प्रभावी शासन में मापनीय और परिमाणात्मक संकेतकों के महत्व को नकारा नहीं जा सकता।

मुर्मू ने कहा, ‘‘सुदृढ़ नीति निर्माण और कार्यान्वयन सटीक सांख्यिकीय विश्लेषण पर निर्भर करता है। आज की आंकड़ें आधारित दुनिया में सांख्यिकी की प्रासंगिकता बहुत बढ़ गई है।’’

सम्बंधित ख़बरें