नवीनतम
मोदी आज जॉर्डन में बिजनेस फोरम में शामिल होंगे
भोपाल (महामीडिया): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को जॉर्डन पहुंचे। आज उनकी यात्रा का दूसरा दिन है। वे आज भारत-जॉर्डन बिजनेस फोरम की बैठक को संबोधित करेंगे। इस पहले सोमवार को जॉर्डन के किंग अब्दुल्ला ने हुसैनिया पैलेस में पीएम मोदी का गले लगाकर स्वागत किया। दोनों के बीच द्विपक्षीय बैठक भी हुई।
बैठक के दौरान मोदी ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ भारत और जॉर्डन की सोच एक जैसी है। उन्होंने गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए किंग अब्दुल्ला का आभार जताया। साथ ही उन्होंने उर्वरक और डिजिटल तकनीक में सहयोग बढ़ाने की बात कही। दोनों देशों के बीच 5 अहम समझौते हुए।
किंग अब्दुल्ला ने कहा कि PM मोदी की यात्रा भारत और जॉर्डन के बीच दशकों पुरानी दोस्ती, आपसी सम्मान और सार्थक सहयोग को दिखाती है। भारत और जॉर्डन के बीच पांच अहम समझौते हुए हैं। इनमें संस्कृति, रिन्युएबल एनर्जी, जल प्रबंधन, डिजिटल पब्लिक इन्फ्रास्ट्रक्चर और ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण से जुड़े समझौते शामिल हैं।
दोनों देशों ने संस्कृति के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने, रिन्युएबल और क्लीन एनर्जी परियोजनाओं पर साथ काम करने तथा जल संसाधनों के बेहतर प्रबंधन के लिए समझौते किए।
डिजिटल पब्लिक इन्फ्रास्ट्रक्चर के तहत डिजिटल गवर्नेंस और तकनीक आधारित सार्वजनिक सेवाओं में साझेदारी को आगे बढ़ाने पर सहमति बनी।
इसके अलावा जॉर्डन की विश्व प्रसिद्ध ऐतिहासिक धरोहर पेट्रा और भारत की एलोरा गुफाओं के बीच ट्विनिंग समझौता हुआ। इससे विरासत संरक्षण, पर्यटन और आपसी सांस्कृतिक सहयोग को बढ़ावा मिलेगा।