राष्ट्रीय गणित दिवस आज

राष्ट्रीय गणित दिवस आज

भोपाल [महामीडिया] राष्ट्रीय गणित दिवस के अवसर पर आज सोमवार 22 दिसंबर को मध्यप्रदेश में गणित, खगोल विज्ञान और भारतीय ज्ञान परंपरा को लेकर व्यापक गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। प्रदेश के करीब 38 जिलों में 170 से अधिक संस्थानों में गणित जागरूकता कार्यक्रम होंगे। इन सभी आयोजनों का मुख्य केंद्र उज्जैन जिले का ऐतिहासिक डोंगला रहेगा। डोंगला को प्राचीन काल से ही समय-गणना, सूर्य की गति, पंचांग निर्माण और खगोलीय अध्ययन का प्रमुख केंद्र माना जाता रहा है। अब इस ऐतिहासिक विरासत को आधुनिक संदर्भ में पुनर्जीवित करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री मोहन यादव की पहल से डोंगला को विज्ञान, गणित और भारतीय ज्ञान परंपरा के केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिससे इसे एक नई पहचान मिल रही है।

राष्ट्रीय गणित दिवस के मौके पर डोंगला में “भारत की वैदिक गणित परंपरा” विषय पर राष्ट्रीय कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। इसमें प्रदेश और देशभर से आए विषय विशेषज्ञ और शिक्षक हिस्सा लेंगे। कार्यशाला में वैदिक गणित की वैज्ञानिक उपयोगिता, आधुनिक गणित से उसका संबंध और शिक्षा में इसके प्रयोग पर चर्चा होगी।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागी सूर्य के उत्तरायण होने के खगोलीय क्षण के साक्षी भी बनेंगे। यह अनुभव भारतीय ज्योतिष, गणित और खगोल विज्ञान की समृद्ध परंपरा को प्रत्यक्ष रूप से समझने का अवसर देगा।

राष्ट्रीय गणित दिवस महान भारतीय गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन की जयंती पर आज 22 दिसंबर को मनाया जाता है।

सम्बंधित ख़बरें