नवीनतम
नए कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन का भाजपा मुख्यालय में भव्य स्वागत
नई दिल्ली (महामीडिया): भाजपा के नए राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन आज दिल्ली पहुंचे, जहा उनका स्वागत करने के लिए एयरपोर्ट के बाहर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने यहां भाजपा के नए राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नबीन का स्वागत किया। वहीं, नितिन नबीन को बधाई देने और उनका स्वागत करने वाले बीजेपी ऑफिस में बैनर लगाए गए हैं।
भाजपा मुख्यालय में उनके भव्य स्वागत की तैयारियां चल रही हैं. केंद्रीय मंत्री अमित शाह और जेपी नड्डा भाजपा मुख्यालय पहुंच चुके हैं. नितिन नबीन के स्वागत कार्यक्रम में पार्टी के बड़े नेता शामिल होंगे. बताया जा रहा है कि इसके बाद वह अपना कार्यभार संभाल लेंगे. भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में नितिन नबीन निवर्तमान भाजपा अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा की जगह लेंगे, जो जनवरी 2020 से बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष थे।
भाजपा संसदीय बोर्ड ने रविवार को नितिन नबीन को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त करने को मंजूरी दी थी. इसके बाद पार्टी ने एक बयान जारी कर उनके नाम की घोषणा की. राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी की कमान सौंपे जाने के बाद नितिन नबीन ने शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया. उन्होंने कहा कि पार्टी ने एक कार्यकर्ता पर भरोसा किया है. पार्टी में हमेशा कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाया है. वह पार्टी के भरोसे पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे. बिहार सरकार में सड़क निर्माण मंत्री नितिन नबीन ने कहा कि पार्टी का नेतृत्व करने में कोई चुनौती नहीं है।