
शेयर बाजार में गिरावट से निवेशकों के सात लाख करोड़ डूबे
मुंबई [महामीडिया] घरेलू शेयर बाजारों में गिरावट का सिलसिला जारी है। वैश्विक बाजारों से मिलेजुले रुख के बीच भारतीय शेयर बाजार में सोमवार को लगातार चौथे दिन गिरावट जारी रही। सेंसेक्स और निफ्टी अपने ऑल टाइम हाई से लगभग 10% नीचे कारोबार कर रहे हैं। शेयर बाजार में सोमवार को आई गिरावट की वजह से निवेशकों के 7 लाख करोड़ से अधिक डूब गए। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप सोमवार को घटकर 4,17,71,803 करोड़ रह गया। शुक्रवार को यह 4,24,78,048 करोड़ था। इस तरह, बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 70,62,45 करोड़ घटा है। तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स सोमवार को 19.36 अंक या 0.02 प्रतिशत गिरकर 77,840 पर खुला। कारोबार के दौरान यह 77,106 अंक तक फिसल गया था। अंत में सेंसेक्स 548.39 अंक या 0.70% की गिरावट लेकर 77,311 पर बंद हुआ। इसी तरह निफ्टी 37.50 अंक या 0.16 प्रतिशत की गिरावट लेकर 23,522.45 पर ओपन हुआ। कुछ ही देर में दोनों इंडेक्स में गिरावट बढ़ गई। अंत में यह 178.35 अंक या 0.76% गिरकर 23,381 पर क्लोज हुआ।