नवीनतम
स्टेट बैंक नवाचार और तकनीकी प्रगति पर जोर देगा : शेट्टी
भोपाल [महामीडिया] स्टेट बैंक के चेयरमैन सी.एस.शेट्टी ने एक समिट में आज कहा है कि आज बेहतर डेटा उपलब्ध होने और स्पष्ट लेंडिंग मॉडल तैयार होने के चलते जोखिम कम हुआ है और बैंकिंग सिस्टम अधिक पारदर्शी हुआ है। शेट्टी ने आगे कहा कि चालू और बचत खातों पर शेयर बाजारों में बढ़ते निवेश और फिक्स्ड डिपॉजिट की बढ़ती ब्याज दरों का नकारात्मक असर देखा जा रहा है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि तकनीक, उत्पाद और मानव संसाधन के मामले में अब सरकारी और निजी क्षेत्र के बैंकों के बीच कोई बड़ा अंतर नहीं बचा है। आज दुनिया भर में बैंकों की बैलेंस शीट पर बाजार से लिए गए उधार का योगदान बढ़ रहा है।उन्होंने कहा कि जैसे ही घरेलू उपभोगऔर मांग में तेजी दिखेगी उद्योगों का पूंजी निवेश स्वाभाविक रूप से बढ़ने लगेगा। उन्होंने इसे आर्थिक संरचना में आ रहे बड़े बदलाव का संकेत बताया। शेट्टी का कहना है कि स्टेट बैंक लगातार परिवर्तन के दौर से गुजरते देश की बैंकिंग जरूरतों को पूरा करने के लिए नवाचार और तकनीकी प्रगति पर जोर दे रहा है। शेट्टी ने बताया कि बैंक की दो बड़ी सहायक कंपनियां स्टेट बैंक म्यूचुअल फंड और स्टेट बैंक जनरल इंश्योरेंस आने वाले समय में शेयर बाजार में लिस्ट की जाएंगी। हालांकि उन्होंने यह भी साफ किया कि अभी इसके लिए कोई तय समय नहीं है। उन्होंने कहा कि यह दोनों कंपनियां वित्तीय रूप से बहुत मजबूत हैं और फिलहाल इन्हें नई पूंजी की जरूरत नहीं है।