नवीनतम
अलास्का में अगले 65 दिन तक सूरज नहीं निकलेगा
उटकियागविक [महामीडिया] अलास्का के सबसे उत्तरी शहर उटकियागविक शहर में 18 नवंबर 2025 को सूरज डूबते ही पोलर नाइट यानी ध्रुवीय रात शुरू हो गई। इस शहर में अब लगभग 65 दिनों तक सूरज नहीं दिखाई देगा और लोग जनवरी 2026 तक सूरज की रोशनी का इंतजार करेंगे। पोलर नाइट वह अवधि है जब सूरज पूरी तरह क्षितिज के नीचे रहता है और दिनभर अंधेरा रहता है। यह घटना आर्कटिक सर्कल के भीतर के शहरों में हर साल होती है। उटकियागविक में इस साल 18 नवंबर को दोपहर 1:36 बजे सूरज डूबा और 22 जनवरी 2026 को ही सूरज निकलेगा। पृथ्वी की धुरी 23.5 डिग्री झुकी हुई है। सर्दियों में उत्तरी ध्रुव सूरज से दूर हो जाता है, इसलिए आर्कटिक क्षेत्र में सूरज दिखाई नहीं देता। गर्मियों में इसका उल्टा होता है और तब यहां लगातार सूरज रहता है, जिसे पोलर डे कहा जाता है। उटकियागविक में मई से अगस्त तक लगभग 80-85 दिनों तक सूरज डूबता नहीं। उत्कीयागविक में रहने वाले लोगों ने साल की आखिरी सूर्योदय की किरण 1:36 PM पर देखी। अब उन्हें 22 जनवरी, 2026 तक सूरज का फिर से इंतज़ार करना होगा।