कनाडा ने सुपर वीजा के नियमों में बदलाव किया
भोपाल [ महामीडिया] कनाडा सरकार ने माता-पिता और दादा-दादी के लिए मिलने वाले सुपर वीजा के नियमों में राहत देने का फैसला किया है। 31 मार्च 2026 से लागू होने वाले इन बदलावों के तहत अब आय से जुड़े नियमों में ज्यादा लचीलापन मिलेगा इस फैसले से उन कनाडाई नागरिकों और स्थायी निवासियों को फायदा होगा, जो अपने माता-पिता या दादा-दादी को सुपर वीजा के तहत बुलाना चाहते हैं। सुपर वीजा के जरिए 10 साल तक कई बार एंट्री की सुविधा मिलती है और एक बार में अधिकतम 5 साल तक रहने की अनुमति होती है। पहले आवेदक को केवल एक साल की आय के आधार पर तय सीमा यानी लो इनकम कट-ऑफ को पूरा करना होता था। अब सरकार ने इसमें दो नए विकल्प जोड़े हैं। पहला अब आय का आकलन एक साल के बजाय पिछले दो टैक्स वर्षों के आधार पर किया जा सकेगा। अगर आवेदक इन दो सालों में से किसी एक साल में तय आय सीमा पूरी करता है तो वह पात्र माना जाएगा।दूसरा अब मेजबान के साथ आने वाले माता-पिता या दादा-दादी की आय का कुछ हिस्सा भी जोड़ा जा सकेगा। हालांकि इसके लिए जरूरी है कि मेजबान और सह-हस्ताक्षरकर्ता पहले एक न्यूनतम आय सीमा पूरी करें। बाकी कमी को माता-पिता या दादा-दादी की आय से पूरा किया जा सकता है।