म.प्र. में इलेक्ट्रॉनिक मानव संसाधन प्रबंधन लागू होगा

म.प्र. में इलेक्ट्रॉनिक मानव संसाधन प्रबंधन लागू होगा

भोपाल [महामीडिया] म.प्र. सरकार प्रशासनिक प्रबंधन को पूरी तरह से डिजिटल बनाने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाने जा रही है। प्रदेश में सात लाख से ज्यादा अधिकारी-कर्मचारियों का पूरा सेवा रिकॉर्ड अब ऑनलाइन उपलब्ध होगा। इसके लिए सरकार इलेक्ट्रॉनिक मानव संसाधन प्रबंधन  लागू कर रही है। यह सिस्टम कर्मचारियों से जुड़े सभी प्रकार के दस्तावेजों, सेवाकालीन सूचनाओं और व्यक्तिगत विवरणों को डिजिटाइज्ड रूप में सुरक्षित रखने का एक अत्याधुनिक माध्यम है। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से मंत्रालय में सभी विभागों की स्थापना शाखा से जुड़े अधिकारियों-कर्मचारियों को पिछले दिनों प्रशिक्षण दिया गया है, जिसमें समझाया गया कि  इलेक्ट्रॉनिक मानव संसाधन प्रबंधन  क्या है यह कैसे काम करता है और इसमें कर्मचारियों का डेटा किस प्रकार दर्ज किया जाएगा। सरकार का मानना है कि वर्तमान में बड़े स्तर पर कर्मचारियों के रिकॉर्ड को मैनुअल फाइलों में संभालना चुनौतीपूर्ण है। कई बार प्रमोशन, तबादला, सेवा पुस्तिका, शैक्षणिक योग्यता, मूल निवासी प्रमाण, अनुभव, विशेष कौशल एवं विभागीय कार्रवाई से संबंधित सूचनाएं एक जगह उपलब्ध नहीं होतीं लेकिन इलेक्ट्रॉनिक मानव संसाधन प्रबंधन लागू होने के बाद यह समस्या समाप्त हो जाएगी। सभी कर्मचारियों का पूरा रिकॉर्ड-सेवा पुस्तिका, नियुक्ति तिथि, पदस्थापना, प्रमोशन, तबादले, प्रशिक्षण, शैक्षणिक योग्यता, मूल निवास, जाति प्रमाणपत्र, वेतन संरचना, विशेष योग्यता जैसी सभी जानकारियां एक स्थान पर डिजिटल रूप में उपलब्ध होंगी। यह डेटा एक क्लिक पर उपलब्ध होगा, जिससे प्रशासनिक निर्णय लेने में तेजी आएगी।

सम्बंधित ख़बरें