भारत हर तरह के सुधारों के लिए तैयार : मोदी

भारत हर तरह के सुधारों के लिए तैयार : मोदी

भोपाल [महामीडिया] देश आज गर्व के साथ 79वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगातार 12वीं बार लाल किले से तिरंगा फहराया। वह देश को संबोधित कर रहे हैं। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस पर लगातार संबोधन करने के मामले में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का रिकॉर्ड तोड़ दिया। इस बार समारोह की थीम ‘नया भारत’ है, जिसमें सेना के शौर्य और देश के विजन पर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि सरकार ने नेक्स्ट जेनरेशन रिफॉर्म के लिए टास्क फोर्स बनाने का फैसला किया है जिसका उद्देश्य हर तरह के सुधार को आगे बढ़ाना है। उन्होंने घोषणा की कि इस दिवाली देशवासियों को 'डबल तोहफा' मिलेगा। नरेंद्र मोदी ने कहा कि हमें किसी की लकीर छोटी करने में अपनी ऊर्जा नहीं गंवानी चाहिए। अपनी लकीर लंबी करने पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर हम अपनी लकीर लंबी करेंगे तो दुनिया भी हमारा लोहा मानेगी। मौजूदा वैश्विक प्रतिस्पर्धा और बढ़ते आर्थिक स्वार्थ के दौर में रोने के बजाय हिम्मत के साथ आगे बढ़ना जरूरी है। पीएम मोदी ने जोर देकर कहा कि सही रास्ता चुनने पर कोई स्वार्थ हमें अपने चंगुल में नहीं फंसा सकता। उन्होंने बताया कि बीता दशक रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म का रहा है, लेकिन अब हमें और नई ताकत के साथ जुटना होगा। पीएम ने कहा- जब हम लोकतंत्र और स्वतंत्र भारत की बात करते हैं, तो हमारा संविधान हमारे लिए प्रेरणा का स्रोत होता है। लेकिन आज से 50 साल पहले संविधान का गला घोंट दिया गया था। देश में आपातकाल लगाया गया था। देश की किसी भी पीढ़ी को संविधान की हत्या करने वाले पापियों को भूलना नहीं चाहिए।मैंने इसी लाल किले से पंच प्रण की बात कही थी। एक बार फिर से स्मरण करना चाहता हूं। भारत को विकसित बनाने के लिए न झुकेंगे, न रुकेंगे, परिश्रम की पराकाष्ठा करेंगे, 2047 में विकसित भारत बनाकर रहेंगे।हम जीवन में, व्यवस्था, परंपराओं में गुलामी का कोई कण बचने नहीं देंगे। हम अपनी विरासत पर गर्व करेंगे। हमारी पहचान का सबसे बड़ी पहचान विरासत है, इसका गर्व करेंगे। एकता सबसे शक्तिशाली मंत्र है। एकता की डोर कोई काट न सके, इसका संकल्प लेंगे।

सम्बंधित ख़बरें