
माँ शारदा दरबार मैहर में नवरात्रि पर्व की तैयारियाँ प्रारंभ
मैहर [ महामीडिया ] नवरात्र पर्व आते ही देवी मंदिरों में तैयारी शुरू हो गई है। 22 मार्च से इस पर्व पर भक्त अपनी आस्था की थाल लेकर दरबार में पहुंचेंगे ।यहां ऐसे कई प्रसिद्ध मंदिर हैं जहां नौ दिन मातारानी के दरबार में भक्तों का मेला लगता है। पर्व के लिए मंदिरों में तैयारी शुरू हो गई है। मैहर की मां शारदा के दरबार में देशभर के श्रद्धालु आते हैं। ऐसे में यहां आने वाले भक्तों के लिए कई विशेष ट्रेनों का विशेष ठहराव भी तय होगा । इसी तरह अन्य शहरों में भी भक्तों की व्यवस्था के लिए तैयारी शुरू हो गई है। मां शारदा के दरबार मैहर में इस वर्ष 10 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। जिसे लेकर सतना और मैहर जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसके लिए खुद कलेक्टर जो कि मां शारदा प्रबंध समिति के अध्यक्ष भी हैं वे तैयारियों की मानीटरिंग कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि इस वर्ष चैत्र नवरात्र के पूरे नौ दिनों में 10 लाख श्रद्धालुओं के मैहर पहुंचकर मां शारदा के दर्शन करने की संभावना है। मां शारदा का दरबार पूरे मध्य प्रदेश सहित देशभर में विख्यात है। जहां त्रिकुट पर्वत पर विराजित आदिशक्ति का रूप मां शारदा के दर्शन करने लोग 1063 सीढियां चढ़कर जाते हैं। जहां भक्तों की हर मन्नत पूरी होती है। मंदिर तक पहुंचने के लिए सीढ़ियों के अलावा वैन और रोपवे से भी जाया जा सकता है। कटनी जिला मुख्यालय से मैहर की दूरी 63 किलोमीटर है।