
राहुल गांधी ने कर्नाटक और महाराष्ट्र में लाखों फर्जी वोटरों का दावा किया
भोपाल [महामीडिया] कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आज गुरुवार को वोटर लिस्ट वैरिफिकेशन में गड़बड़ियों पर प्रजेंटेशन दिया। राहुल ने स्क्रीन पर कर्नाटक और महाराष्ट्र की वोटर लिस्ट दिखाते हुए कहा कि दोनों ही राज्यों की वोटर लिस्ट में संदिग्ध वोटर मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के नतीजे देखने के बाद हमारा शक पुख्ता हुआ कि चुनाव में चोरी हुई है। मशीन रीडेबल वोटर लिस्ट नहीं देने से हमें भरोसा हुआ कि चुनाव आयोग ने भाजपा के साथ मिलकर महाराष्ट्र के चुनाव की चोरी की है। राहुल ने कहा कि कर्नाटक में एक ही व्यक्ति का नाम अलग-अलग बूथ की वोटर लिस्ट में मौजूद है। लिस्ट में कई जगह लोगों के फोटो नहीं हैं वहीं कई जगह फर्जी पते लिखे गए हैं। कर्नाटक की महादेवपुरा असेंबली सीट की वोटर लिस्ट स्क्रीन पर दिखाते हुए राहुल ने कहा कि यहां के 6.5 लाख वोट में से 1 लाख वोटों की चोरी हुई है। यहां एक लाख के करीब गलत पता और एक ही पते पर बल्क वोटर और डुप्लीकेट वोटर्स का पता चला है। उनका कहना था कि महाराष्ट्र में चंद महीने में लाखों मतदाताओं के नाम सूची में जोड़े गए जो काफी चिंताजनक है। 40 लाख वोटर रहस्यमयी हैं। यहां पांच महीने में कई वोटर जोड़े गए।