नवीनतम
रूस के उप प्रधानमंत्री भारत की दो दिवसीय यात्रा पर
नई दिल्ली (महामीडिया): रूस के प्रथम उप प्रधानमंत्री डेनिस मंटुरोव रक्षा, ऊर्जा, व्यापार और अन्य द्विपक्षीय मुद्दों पर उच्च स्तरीय चर्चा के लिए गुरुवार तड़के नई दिल्ली पहुंचे। पालम हवाई अड्डे पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
मंटुरोव भारत-रूस अंतरसरकारी आयोग के सह-अध्यक्ष भी हैं, जो दोनों देशों के बीच व्यापार, विज्ञान और सांस्कृतिक सहयोग को बढ़ावा देने का कार्य करता है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया के माध्यम से डेनिस मंटुरोव के भारत आगमन की आधिकारिक जानकारी साझा की है। उन्होंने बताया कि रूसी उपप्रधानमंत्री की यह यात्रा द्विपक्षीय संबंधों को मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
अधिकारियों के अनुसार, इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य भारत और रूस के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करना है। पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष से जुड़े घटनाक्रम भी चर्चा का प्रमुख विषय रह सकते हैं।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, मंटुरोव अपनी यात्रा के दौरान राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से भी मुलाकात करेंगे। इस दौरान रक्षा, सुरक्षा, ऊर्जा और व्यापार जैसे प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर फोकस रहेगा।