शेयर बाजार तेरह सौ से अधिक अंकों की भारी गिरावट पर बंद
मुंबई [महा मीडिया] आज सोमवार को कारोबार के दौरान घरेलू इक्विटी सूचकांकों में तेज गिरावट देखने को मिली। वैश्विक स्तर पर बढ़ती अनिश्चितता, कच्चे तेल की कीमतों में मजबूती और अमेरिका-ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण निवेशकों का भरोसा कमजोर पड़ा जिसका सीधा असर बाजार पर दिखाई दिया। निफ्टी पीएसयू बैंक सबसे ज्यादा नुकसान में रहा। इस सूचकांक में 6 प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई। स्टेट बैंक और केनरा बैंक के शेयरों में तेज गिरावट दर्ज की गई जिससे यह सेक्टर दबाव में रहा। इसके अलावा निफ्टी बैंक और निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज सूचकांक भी कमजोर बने रहे। सोमवार को बीएसई सेंसेक्स 1,352.74 अंक गिरकर 77,556.16 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 50 भी 422.40 अंक टूटकर 24,028.05 के स्तर पर बंद हुआ। निफ्टी 50 में गिरावट का दायरा काफी व्यापक रहा। 50 में से 42 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए जबकि केवल 8 शेयर बढ़त में रहे।