आज से सावन का शुक्ल पक्ष शुरू

आज से सावन का शुक्ल पक्ष शुरू

भोपाल [महामीडिया] आज 25 जुलाई से सावन का शुक्ल पक्ष शुरू हो गया है। शिव पूजा को समर्पित इस महीने के दूसरे पक्ष में कुल 16 दिन रहेंगे। इस पक्ष में कई बड़े व्रत-पर्व आएंगे-

  • विनायकी चतुर्थी- 28 जुलाई को विनायकी चतुर्थी का व्रत किया जाएगा। सावन महीने के इस व्रत में भक्त शिव जी और भगवान गणेश की विशेष पूजा करते हैं।
  • नाग पंचमी - 29 जुलाई को नागदेव की पूजा का महापर्व नाग पंचमी है। इस तिथि पर शिवलिंग पर विराजित नागदेव का अभिषेक करना चाहिए। नाग पंचमी पर लोग जीवित सांप की पूजा करते हैं, लेकिन ऐसा करने से बचना चाहिए। इस दिन जीवित सांप की नहीं, नागदेव की प्रतिमा या तस्वीर की पूजा करनी चाहिए। इस दिन मंगलागौरी व्रत भी किया जाएगा। इस व्रत में शिव जी और देवी पार्वती का विशेष अभिषेक किया जाता है।
  • पुत्रदा यानी पवित्रा एकादशी - 5 अगस्त को सावन शुक्ल पक्ष की एकादशी है। इसे पुत्रदा और पवित्रा एकादशी कहा जाता है। इस व्रत में भगवान विष्णु के लिए व्रत-पूजा करते हैं। माना जाता है कि पुत्रदा एकादशी व्रत से संतान से जुड़ी समस्याएं दूर होती हैं। संतान को भगवान की कृपा से जीवन में सफलता मिलती है। ये व्रत जाने-अनजाने में किए गए पाप कर्मों के फल भी नष्ट करता है। इस दिन शिवलिंग का अभिषेक भी जरूर करना चाहिए। पूजा में ऊँ नमो भगवते वासुदेवाय मंत्र का जप करें।
  • प्रदोष व्रत - 6 अगस्त को सावन मास का दूसरा और अंतिम प्रदोष व्रत किया जाता है। शिव पूजा के लिए प्रदोष व्रत बहुत खास होता है। इस तिथि पर सूर्यास्त के बाद भगवान शिव का विशेष अभिषेक करने की परंपरा है। माना जाता है इस दिन की गई पूजा से भक्तों की सभी परेशानियां शांत होती हैं और जीवन में सुख-शांति बनी रहती है।
  • सावन पूर्णिमा और रक्षाबंधन - इस साल सावन मास की पूर्णिमा दो दिन 8 और 9 अगस्त को रहेगी। रक्षाबंधन 9 अगस्त को मनाया जाएगा, क्योंकि इस दिन सुबह सूर्योदय के समय पूर्णिमा तिथि रहेगी। रक्षाबंधन पर अपने इष्टदेव, घर-परिवार के बड़े लोग, गुरु को भी रक्षा सूत्र बांधना चाहिए। ये सावन मास का अंतिम दिन रहेगा, इसलिए इस दिन भगवान शिव का विशेष अभिषेक जरूर करना चाहिए।

सम्बंधित ख़बरें