विश्व हिंदी दिवस 10 जनवरी को

विश्व हिंदी दिवस 10 जनवरी को

भोपाल [महामीडिया] विश्व हिंदी दिवस हिंदी भाषा को वैश्विक मंच पर मजबूत करने का प्रतीक है। हर साल 10 जनवरी को मनाया जाने वाला यह दिन हिंदी की अंतरराष्ट्रीय पहचान और बढ़ते प्रभाव को दर्शाता है। आज हिंदी सिर्फ भारत तक सीमित नहीं है, बल्कि दुनिया के कई देशों में बोली, पढ़ी और समझी जा रही है। यह दिवस लोगों को हिंदी के प्रति जागरूक करता है और इसके उपयोग को बढ़ावा देता है। विश्व हिंदी दिवस की शुरुआत 10 जनवरी 1975 को नागपुर में आयोजित पहला विश्व हिंदी सम्मेलन से प्रेरित है।  अब तक 12 विश्व हिंदी सम्मेलन आयोजित हो चुके हैं।आज हिंदी दुनिया की तीसरी सबसे ज्यादा बोली जाने वाली भाषा है, जिसे 60 करोड़ से ज्यादा लोग बोलते हैं। हिंदी भारतीय संस्कृति, परंपरा और राष्ट्रीय एकता का मजबूत माध्यम है। डिजिटल युग में हिंदी सोशल मीडिया, वेबसाइट्स, मोबाइल ऐप्स और ऑनलाइन कंटेंट के जरिए तेजी से फैल रही है। हिंदी अब सिर्फ साहित्य या बातचीत तक सीमित नहीं रही। यह विज्ञान, तकनीक, शिक्षा, कूटनीति और प्रशासन जैसे क्षेत्रों में भी अपनी मजबूत जगह बना रही है। हिंदी यूनेस्को की प्रमुख कामकाजी भाषाओं में शामिल है और दुनिया के 100 से ज्यादा विश्वविद्यालयों में पढ़ाई जाती है। विश्व हिंदी दिवस का उद्देश्य हिंदी के प्रचार-प्रसार के साथ-साथ इसे रोजगार, शोध और वैश्विक संवाद की भाषा के रूप में और सशक्त बनाना है।

सम्बंधित ख़बरें