औषधीय फसलों के उत्पादन में म.प्र.अग्रणी राज्य बना

औषधीय फसलों के उत्पादन में म.प्र.अग्रणी राज्य बना

भोपाल [महामीडिया] म.प्र औषधीय फसलों के उत्पादन में देश का सबसे अग्रणी राज्य बनकर उभरा है। राज्य में 46,837 हैक्टेयर क्षेत्र में औषधीय फसलों की खेती की जा रही है, जिसमें प्रमुख फसलें ईसबगोल, अश्वगंधा, सफेद मूसली और अन्य औषधीय पौधे शामिल हैं। 2024-25 में लगभग 1.24 लाख मीट्रिक टन औषधीय फसलों का उत्पादन हुआ है जो राज्य में बढ़ती हुई कृषि विविधता और उभरते बाजार का संकेत है। मध्यप्रदेश में औषधीय फसलों की खेती एक नये दौर में प्रवेश कर चुकी है जो न केवल किसानों की आय बढ़ाने में सहायक है बल्कि ग्रामीण रोजगार के अवसर भी प्रदान कर रही है। राज्य सरकार के प्रयासों और प्रोत्साहन की वजह से मध्यप्रदेश जल्द ही औषधीय फसलों के उत्पादन में देशभर में और भी मजबूत स्थान बना रहा  है। मध्यप्रदेश में औषधीय फसलों का क्षेत्र 2022-23 में 44,324 हैक्टेयर से बढ़कर 2024-25 में 46,837 हैक्टेयर हो गया है जो लगभग 2,512 हैक्टेयर की वृद्धि को दर्शाता है। यह वृद्धि राज्य में औषधीय फसलों के प्रति किसानों का बढ़ता हुआ आकर्षण और उनकी बढ़ती हुई आय के संकेत है। इस दौरान उत्पादन में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। वर्ष 2021-22 में उत्पादन 1.17 लाख मीट्रिक टन था जो 2024-25 में बढ़कर 1.24 लाख मीट्रिक टन हो गया। देशभर में उत्पादित औषधीय फसलों का लगभग 44 प्रतिशत हिस्सा मध्यप्रदेश से आता है।

सम्बंधित ख़बरें