नवीनतम
म.प्र. के किसान को नीदरलैंड से जैविक खाद का ऑर्डर मिला
भोपाल [महामीडिया] खाद संकट की तस्वीरों के बीच सीहोर जिले के एक किसान ने नई राह खोली है। किसान ने जैविक खाद का उत्पादन शुरू किया था। अब नीदरलैंड से इस खाद की मांग आई है। मतलब सीहोर की केंचुआ खाद नीदरलैंड के खेतों को उपजाऊ बनाने में इस्तेमाल होगी। खंडवा गांव के किसान लखन वर्मा दो दशकों से जैविक कृषि पर प्रयोग कर रहे हैं। 2015 से उन्होंने अपने खेत में ही केंचुआ खाद का उत्पादन शुरू किया था। इस खाद की मांग प्रदेश के दूसरे जिलों के अलावा अन्य प्रदेशों में भी होने लगी है। यह खाद स्थानीय बाजार में 14-15 रुपया प्रति किलोग्राम की दर से उपलब्ध है। अभी नीदरलैंड की एक कंपनी ने उनको 260 टन केंचुआ खाद (वर्मी कम्पोस्ट) की आपूर्ति का बड़ा आर्डर दिया है। इसके लिए उनको 442 रुपया प्रति किलोग्राम की आकर्षक दर मिलेगी। उन्हें यह 260 टन खाद मुंबई बंदरगाह तक भेजनी है वहां से नीदरलैंड की कंपनी तक यह पूरा स्टाक पहुंचेगा। यह आर्डर उन्हें आनलाइन मिला है। उन्होंने अपनी खुद की वेबसाइट के माध्यम से नीदरलैंड की कंपनी से संपर्क स्थापित किया था।