नवीनतम
नौ भाषाओं में भारतीय संविधान जारी
मुंबई [महामीडिया] राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संविधान सदन के केंद्रीय कक्ष में आयोजित संविधान दिवस कार्यक्रम के दौरान नौ भाषाओं मलयालम, मराठी, नेपाली, पंजाबी, बोडो, कश्मीरी, तेलुगु, उड़िया और असमिया में भारतीय संविधान का डिजिटल संस्करण जारी किया। कार्यक्रम के दौरान एक स्मारक पुस्तिका भारत के संविधान में कला और सुलेख का भी विमोचन किया गया। संविधान दिवस कार्यक्रम में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और अन्य नेता शामिल हुए। इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि संविधान दिवस के ऐतिहासिक अवसर पर आप सभी के बीच आकर मुझे अत्यंत प्रसन्नता हो रही है। आज ही के दिन, 26 नवंबर, 1949 को, संविधान भवन के इसी केंद्रीय कक्ष में संविधान सभा के सदस्यों ने भारत के संविधान का प्रारूप तैयार करने का कार्य पूरा किया था। उसी वर्ष आज ही के दिन, हम भारत के लोगों ने अपना संविधान अंगीकार किया था। संसद ने हमारी बहनों और बेटियों के सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाए हैं।