
हिमाचल में भूस्खलन से तीन की मौत
शिमला (महामीडिया): हिमाचल प्रदेश में रातभर हुई भारी बारिश के कारण बाढ़ और भूस्खलन की घटनाएं हुईं, जिससे एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई और मंडी में एक बस स्टैंड जलमग्न हो गया। मंडी में सोमवार रात से लगातार बारिश हो रही है।
हिमाचल प्रदेश के मंडी के सुंदरनगर के निहरी के ब्रगटा गांव में बीती रात को लैंडस्लाइड की घटना में तीन लोगों की मौत हो गई है जबकि दो लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। मिली जानकारी के अनुसार यहां एक घर पास लैंडस्लाइड होने से पूरा घर जमींदोज हो गया। हादसे के समय घर पर पांच लोग मौजूद थे। इस हादसे में तीन लोगों की दुखद मृत्यु हो गई है जिसमें दो महिलाएं और एक 8 महीने का बच्चा शामिल है। इसके अलावा दो लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। मृतकों में 64 वर्षीय तांगू देवी पत्नी जय सिंह, 33 वर्षीय कमला देवी पत्नी देव राज और 8 माह का भीष्म सिंह पुत्र देव राज शामिल हैं। इसके अलावा जिन्हें सुरक्षित बचाया गया है उसमें 65 वर्षीय खूब राम पुत्र धनी राम और 58 वर्षीय दर्शन देवी पत्नी खूब राम शामिल हैं। पुलिस ने शवों पोस्टमाार्टम के लिए भेज दियार है। एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने हादसे की पुष्टि की है।