भारत के दस जिले कृषि उत्पादों के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित
नवीनतम
भारत के दस जिले कृषि उत्पादों के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित
2025-07-17
मुंबई [महामीडिया] देशभर के किसानों के लिए गर्व का पल आया है। केंद्र सरकार की ‘एक जिला एक उत्पाद’ योजना के तहत राष्ट्रीय पुरस्कार 2024 की घोषणा हो चुकी है। इस बार कृषि उत्पाद श्रेणी में कई जिलों के किसानों को उनकी मेहनत का बड़ा सम्मान मिला है। आंध्र प्रदेश की मशहूर गुन्टूर मिर्च को सर्वोच्च स्वर्ण पुरस्कार (गोल्ड अवॉर्ड) से नवाजा गया है। वहीं महाराष्ट्र के रत्नागिरी का अल्फांसो आम, नागपुर का संतरा और जम्मू-कश्मीर के पुलवामा का केसर समेत कई जिलों को सम्मान मिला है।नई दिल्ली में हुए कार्यक्रम में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने इन पुरस्कारों की घोषणा की। उन्होंने कहा कि किसानों की स्थानीय उपज को ब्रांडिंग और वैश्विक पहचान देने के लिए यह पहल शुरू की गई है। विशेष बात यह है कि देश के अलग-अलग जिलों के अनोखे कृषि उत्पादों को न केवल देश में बल्कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी पहचान दी जा रही है। इससे किसानों की आमदनी बढ़ाने और कृषि उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने में मदद मिलेगी।