सिवनी में आकाशीय बिजली गिरने से दो लोग मरे
भोपाल [महामीडिया] सिवनी जिले में बेमौसम बारिश ने किसानों और आम नागरिकों की मुसीबत बढ़ा दी हैं। 3 अप्रैल को सिवनी-बालाघाट मार्ग पर स्थित बरघाट के आसपास आंधी तूफान के साथ जोरदार बारिश ने कोहराम मचा दिया। बरघाट थाना क्षेत्र के मंडी गांव में खेत में मौजूद 6 वर्षीय प्रियांशु पुत्र सुंदरलाल मरकाम की गाज गिरने से जान चली गई। कान्हीवाड़ा के उड़ेपानी में हार्वेस्टर मशीन के पास जा रहे रहमान पुत्र शेख गुलाम (40) छिड़िया पलारी निवासी की भी गाज की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। दोनों के शवों का आज शनिवार को पोस्ट मार्टम कराया जाएगा। बरघाट नगर में शाम 5:30 से 6:30 बजे के बीच हुई इस जोरदार बारिश के कारण खेतों और खलिहानों में खुले में रखी कटी हुई फसलें भीग गईं, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान की आशंका है। राजस्व विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि तूफान और बारिश के कारण हुए नुकसान का मैदानी स्तर पर सर्वे किया जाएगा जिसके बाद ही वास्तविक क्षति का आधिकारिक आंकड़ा सामने आ सकेगा।