नवीनतम
हमें गर्व है कि हम भारतीय संस्कृति के वाहक हैं : ब्रह्मचारी गिरीश जी
भोपाल [महामीडिया] महर्षि महेश योगी संस्थान में आयोजित तीन दिवसीय महर्षि राष्ट्रीय सांस्कृतिक महोत्सव की रंगारंग शुरुआत हुई। कार्यक्रम का उद्घाटन महर्षि विद्या मंदिर विद्यालय समूह के अध्यक्ष ब्रह्मचारी गिरीश जी ने किया। कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों से आए 426 से अधिक बच्चे भाग ले रहे हैं। महर्षि राष्ट्रीय सांस्कृतिक महोत्सव का उद्घाटन करते हुए ब्रह्मचारी गिरीश जी ने कहा कि आप यहां पर किसी प्रतियोगिता के लिए नहीं आए बल्कि अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए यहां पर आए हैं। मनुष्य के जीवन में प्रत्येक क्षण प्रतियोगिता है लेकिन जब आप प्रतिदिन सुबह और शाम भावातीत ध्यान, सिद्धि एवं यौगिक फ्लाइंग का नियमित अभ्यास करते हैं तो इस प्रतियोगिता से आगे चलकर आप आत्म चेतना की सिद्धि प्राप्त कर लेते हैं जो कि आपको सिर्फ विजेता बनाती है और जीवन को आनंदमय बनाती है। हमें गर्व है कि हम सब भारतीय संस्कृति के वाहक हैं क्योंकि जो ज्ञान हमें हमारे गुरुदेव ब्रह्मानंद सरस्वती एवं परम पूज्य महर्षि महेश योगी जी द्वारा मिला है हम उसी को आगे बढ़ा रहे हैं।
ब्रह्मचारी जी का कहना था कि महर्षि विद्या मंदिर का यह सांस्कृतिक महोत्सव एक सांस्कृतिक कुंभ है जिसमें देश की विविध संस्कृतियों का मिलन हो रहा है। धर्म,संस्कृति एवं महर्षि जी के ज्ञान का जो वर्षों पूर्व उदय हुआ था वह निरंतर पूरी दुनिया में जारी है। महर्षि विद्या मंदिर विद्यालय समूह 6,500 से अधिक शिक्षक एवं एक लाख से अधिक विद्यार्थियों वाला भारत का सबसे बड़ा विद्यालय समूह है जो निरंतर भारतीय ज्ञान परंपरा एवं संस्कृति का परचम लहरा रहा है। हमारे ज्ञान, संस्कृति एवं आत्म चेतना का विस्तार पूरे विश्व ब्रह्मांड में है। इस भारत भूमि में जो हम जन्मे हैं उसकी पूरी दुनिया में पूजा होती है। हमारे वैदिक सनातन धर्म के गुरु, महर्षि एवं ऋषियों को पूरी दुनिया में पूजा जाता है क्योंकि हम सभी लोग भारत माता की संताने हैं। हम सभी लोग गर्व से कहते हैं कि हम सब भारत माता की संताने हैं और हमारी संस्कृति वैदिक है। इसीलिए हम सब लोग मिलकर इस संस्कृति के माध्यम से आप सभी लोगों को संस्कारित बनाने का कार्य कर रहे हैं । हम सभी का उद्देश्य आप सभी लोगों को ग्लोबल लीडर बनाना है। परम पूज्य महर्षि महेश योगी जी ने पूरी दुनिया का नेतृत्व करते हुए जिस तरह से भारतीय वैदिक ज्ञान एवं संस्कृति का परचम पूरी दुनिया में लहराया था इस परिवार एवं इस परंपरा के नाते आप सभी को आगे बढ़ना है।ब्रह्मचारी गिरीश जी का कहना था कि मुझे महर्षि जी ने कहा था कि आपको सैकड़ो ग्लोबल लीडर तैयार करना है तभी से मैं निरंतर इस दिशा में सक्रिय हूं और आप सभी को विश्व परिवार में आमंत्रित करते हुए विश्व समुदाय का नेतृत्व करने के लिए प्रेरित कर रहा हूं।
महर्षि राष्ट्रीय सांस्कृतिक महोत्सव का शुभारंभ महर्षि संस्थान की परंपरा अनुसार गुरु परंपरा पूजन से प्रारंभ हुआ इसके पश्चात महर्षि विद्या मंदिर विद्यालय की बालिकाओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। तत्पश्चात बच्चों की एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का दौर प्रारंभ हुआ जो देर शाम तक चल रहा था।