प्रदेश की कृषि उपज मंडियों में आज से कामकाज शुरू 

प्रदेश की कृषि उपज मंडियों में आज से कामकाज शुरू 

भोपाल [ महामीडिया] सोलह दिनों से जारी प्रदेश की कृषि उपज मंडियों की हड़ताल गुरुवार से खत्म हो जाएगी। मुख्यमंत्री  ने इंदौर में व्यापारियों से चर्चा के बाद मंडी टैक्स के साथ मंडी के नियमों भी राहत देने का भरोसा जताया। देर रात हुई इस चर्चा के बाद व्यापारियों ने भी घोषणा कर दी कि गुरुवार से हड़ताल खत्म कर मंडियों में नियमित कामकाज शुरू किया जा रहा है। 
बुधवार को मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान इंदौर प्रवास पर पहुंचे। रात को रेसीडेंसी कोठी में भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय,मंत्री तुलसी सिलावट और विधायक आकाश विजयवर्गीय ने व्यापारियों की मुख्यमंत्री से बैठक व चर्चा तय करवाई। चर्चा के बाद मुख्यमंत्री ने व्यापारियों से कहा कि वे मंडी टैक्स को 1.50 प्रतिशत से घटाकर 1 प्रतिशत करने की सहमति देते हैं। हालांकि निराश्रित शुल्क में किसी तरह की राहत देने से इनकार कर दिया। निराश्रित शुल्क पहले की तरह यथावत 0.20 प्रतिशत लागू होगा। हालांकि मंडी गोदामों के लीज प्रकरणों में राहत की बात भी मुख्यमंत्री ने मान ली। लीज प्रकरणों के निराकरण में नए नियम लागू नहीं होंगे। पूर्व के नियम यानी 2005 के नियमों से ही लीज प्रकरणों का निराकरण किया जाएगा। मुख्यमंत्री के दिए आश्वासनों से संतुष्ट होकर व्यापारी संघ ने घोषणा कर दी कि मंडी में जारी हड़ताल खत्म की जा रही है। गुरुवार 21 सितंबर से मंडियों में कामकाज पहले की तरह शुरू हो जाएगा। उल्लेखनीय है कि 4 सितंबर से ही प्रदेशभर की मंडियों में हड़ताल जारी थी। 

सम्बंधित ख़बरें