शारदा देवी धाम मैहर में आस्था का महासागर 19 मार्च से

शारदा देवी धाम मैहर में आस्था का महासागर 19 मार्च से

भोपाल [महा मीडिया] मां शारदा देवी की पवित्र नगरी मैहर में चैत्र नवरात्रि का भव्य मेला 19 मार्च से शुरू होकर 27 मार्च तक चलेगा। नौ दिनों तक चलने वाले इस मेले में देश विदेश से लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। मान्यता है कि इन दिनों मां शारदा के दर्शन करने से भक्तों की मनोकामनाएं पूरी होती हैं और घर में सुख समृद्धि आती है।चैत्र नवरात्रि को बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक माना जाता है।  देवी दुर्गा ने इसी काल में राक्षस महिषासुर का वध किया था इसलिए पूरे देश में इस पर्व को बड़ी श्रद्धा से मनाया जाता है और मैहर में तो इसका उत्साह और भी ज्यादा देखने को मिलता है। मां शारदा मंदिर को प्राचीन शक्तिपीठों में से एक माना जाता है। चैत्र मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा से शुरू होकर रामनवमी तक चलने वाला यह मेला वर्षों पुरानी परंपरा है। इसी के साथ हिंदू नव संवत्सर यानी हिंदू नव वर्ष की शुरुआत भी मानी जाती है। नवरात्रि के दौरान मैहर में रोजाना  श्रद्धालु मां शारदा के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। सुबह 3:30 बजे मंदिर के पट खुलते ही विशेष आरती और पूजा शुरू हो जाती है और पूरे दिन भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिलती हैं।स्थानीय मान्यता के अनुसार वीर योद्धा आल्हा और ऊदल मां शारदा के परम भक्त थे. कहा जाता है कि आज भी सबसे पहले मां का श्रृंगार और पूजा आल्हा ही करते हैं। यही वजह है कि यह मंदिर सिर्फ धार्मिक ही नहीं बल्कि ऐतिहासिक आस्था का भी केंद्र माना जाता है।

सम्बंधित ख़बरें