कृषि में उत्कृष्ट योगदान के लिए पाँच लोग सम्मानित

कृषि में उत्कृष्ट योगदान के लिए पाँच लोग सम्मानित

मुंबई [महामीडिया] नई दिल्ली में पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री में चौधरी चरण सिंह किसान सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले प्रगतिशील किसानों और संस्थानों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया। समारोह में शिक्षा एवं कौशल विकास और उद्यमिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयंत चौधरी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय कृषि मंत्री ने एक पुस्तक का विमोचन भी किया। साथ ही कृषि रत्न पुरस्कार 2025 सहित विभिन्न श्रेणियों में किसानों और संस्थानों को सम्मान प्रदान किया गया। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि किसानों का यह सम्मान पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत है और इससे खेती को आगे बढ़ाने का उत्साह मिलता है। इस अवसर पर अपने संबोधन में शिवराज सिंह चौहान ने पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को याद करते हुए कहा कि वे सच्चे अर्थों में किसान हितैषी नेता थे। उन्होंने पूरे देश को यह संदेश दिया कि देश की समृद्धि का रास्ता किसान के खेत से होकर जाता है। उनके विचार और सिद्धांत आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं। समारोह में प्रगतिशील किसान सत्यवान सहरावत को सम्मानित किया गया। कृषि रत्न पुरस्कार 2025 के अंतर्गत कृषि उत्थान श्रेणी में भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान के उप महानिदेशक  देवेंद्र कुमार यादव को सम्मान मिला। कृषि उद्यमी श्रेणी में फ्रूवेटेक प्राइवेट लिमिटेड, प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन और किसान हरवीर सिंह को सम्मानित किया गया।

सम्बंधित ख़बरें