होलिका दहन दो मार्च को
भोपाल [महा मीडिया] 2 मार्च की रात में फाल्गुन पूर्णिमा रहेगी इसलिए होलिका दहन इस रात में होगा लेकिन अधिकांश पंडितों के मुताबिक चंद्रग्रहण की वजह से होली (धुलंडी) 3 नहीं, 4 मार्च को खेली जाएगी। 2 मार्च की शाम करीब 5.45 से पूर्णिमा शुरू हो रही है और 3 मार्च की शाम करीब 5 बजे तक रहेगी। 3 को चंद्रग्रहण दोपहर करीब 3.21 बजे से शुरू होगा और शाम 6.47 बजे तक रहेगा। यह भारत में दिखाई देगा इसलिए इसका सूतक भी है। चंद्रग्रहण का सूतक ग्रहण शुरू होने से 9 घंटे पहले लग जाता है। इस दिन सुबह 6.21 बजे सूतक शुरू होगा और शाम को 6.47 बजे ग्रहण खत्म होने तक रहेगा।ग्रहण और सूतक के समय में शुभ कार्य वर्जित माने जाते हैं, इसलिए कुछ ज्योतिषियों का मानना है कि 3 मार्च को रंग-गुलाल नहीं खेलना चाहिए। सूतक के समय में मंत्र जप, दान-पुण्य करना चाहिए। ग्रहण और सूतक की वजह से 4 मार्च को रंगों की होली (धुलंडी) मनाई जाने की सलाह दी जा रही है।