भोपाल सहित सात ठिकानों में आयकर के छापे
भोपाल [महामीडिया] राजधानी भोपाल में आयकर विभाग ने माइनिंग कारोबारी दिलीप गुप्ता के ठिकानों पर आज बुधवार सुबह छापा मारा है। दिल्ली से आई आयकर विभाग की टीम ने शहर के कई स्थानों पर एक साथ रेड डालकर जांच शुरू की है। आयकर विभाग की टीम सुबह से ही दिलीप गुप्ता के भोपाल स्थित ठिकानों पर पहुंच गई। टीम ने अलग-अलग स्थानों पर एक साथ कार्रवाई करते हुए दस्तावेजों और वित्तीय लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच शुरू की। छापे की कार्रवाई के दौरान आयकर अधिकारी कारोबारी से जुड़े कागजात, बैंक लेनदेन और अन्य वित्तीय दस्तावेजों की पड़ताल कर रहे हैं। टीम पूरे मामले में आय और संपत्ति से जुड़े रिकॉर्ड खंगाल रही है। दिल्ली , कानपुर , छतरपुर सहित कई जगहों पर कार्रवाई चल रही है। टीम आय व्यय से जुड़े दस्तावेज खंगालने में लगी है। गुप्ता की कंपनियां डीजी माइंस एंड मिनरल्स प्राइवेट लिमिटेड और श्री मां सीमेंटेक प्राइवेट लिमिटेड पहले से आर्थिक अपराध शाखा की जांच में हैं जहां 35.75 करोड़ रुपये के निवेश फ्रॉड का आरोप लगा है।