नवीनतम
म.प्र: 8 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
भोपाल (महामीडिया): मानसून ट्रफ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन (चक्रवात) की वजह से मध्यप्रदेश में बुधवार को भी अति भारी या भारी बारिश का दौर जारी रहेगा। मौसम विभाग ने इंदौर-उज्जैन समेत 18 जिलों में भारी और 8 जिलों में अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
ग्वालियर में तिघरा डैम के 7 गेट खोलकर पानी छोड़ा जा रहा है। जबलपुर में बरगी बांध का जलस्तर 422.85 मीटर पहुंच गया है। आज दोपहर 12 बजे 9 गेट खोलकर पानी छोड़ा जाएगा। नर्मदापुरम में मंगलवार रात से बारिश जारी है। तवा डैम के 5 गेट खोले गए हैं। पिपरिया में सुबह से बारिश हो रही है। हरदा में बारिश के चलते अजनाल, मटकुल, देदली, माचक और गंजाल नदियां उफान पर हैं। कई गांवों का जिला मुख्यालय से सम्पर्क टूट गया है।
बुधवार को एमपी के जिन 8 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है, उनमें देवास, सीहोर, हरदा, खंडवा, नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा शामिल हैं। यहां अगले 24 घंटे में साढ़े 8 इंच तक पानी गिरने का अनुमान है। वहीं, भारी बारिश के यलो अलर्ट वाले 18 जिलों में इंदौर, उज्जैन, रतलाम, झाबुआ, अलीराजपुर, धार, बड़वानी, खरगोन, बुरहानपुर, आगर-मालवा, राजगढ़, शाजापुर, विदिशा, रायसेन, नरसिंहपुर, सिवनी, मंडला और बालाघाट शामिल हैं। यहां ढाई से साढ़े 4 इंच तक बारिश हो सकती है।
भोपाल, जबलपुर समेत कई जिलों में हल्की बारिश का दौर जारी रहेगा।