नवीनतम
राष्ट्रीय पर्यटन दिवस कल
भोपाल [महामीडिया] पर्यटन दिवस साल में दो बार मनाया जाता है एक राष्ट्रीय स्तर पर और एक अंतरराष्ट्रीय पर्यटन दिवस। हालांकि भारत में राष्ट्रीय पर्यटन दिवस हर साल 25 जनवरी को मनाया जाता है। यह दिन सिर्फ़ यात्राओं का उत्सव नहीं, बल्कि उस आर्थिक, सांस्कृतिक और सामाजिक ताक़त का सम्मान है, जो पर्यटन देश को देता है। वहीं विश्व पर्यटन दिवस 27 सितंबर को मनाया जाता है। भारत के 28 राज्यों और 8 केंद्र शासित प्रदेशों में अलग-अलग भाषा, बोलियां, संस्कृति और परंपराएं हैं। कोई राज्य बर्फ की चादर से ढका रहता है तो कुछ राज्य हरी भरी वादियों के बीच पहाड़ों में स्थित हैं। कुछ मैदानी क्षेत्र, जंगलों और रेतीले मैदानों से घिरे हैं तो कुछ झीलों और झरनों से समृद्ध हैं। ऐसे ही दक्षिण भारतीय राज्य समुद्र तटों पर बसे हैं। पहाड़ों से लेकर मैदानी और समुद्री तटों पर स्थित इस जगहों पर कई ऐसे पर्यटन स्थल हैं जो कि धार्मिक व ऐतिहासिक महत्व रखते हैं। इतनी विविधताओं वाले देश की आबादी ही इन विविधताओं और अलग संस्कृतियों से परिचित नहीं है। वहीं दुनियाभर के देशों को भी भारत के पर्यटन से परिचित कराने के लिए राष्ट्रीय पर्यटन दिवस मनाया जाता है। पर्यटन भारत की समृद्धता से सभी को परिचित कराने का एक माध्यम है। इसके जरिए पूरे विश्व को भारत की ओर आकर्षित किया जाता है। साथ ही भारतीय अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में भी देश के पर्यटन का विशेष योगदान है। ऐसे में भारतीय पर्यटन के प्रचार-प्रसार की आवश्यकता को महसूस किया गया। वैश्विक स्तर पर पर्यटन के सामाजिक, राजनीतिक, आर्थिक और सांस्कृतिक मूल्यों से लोगों को जागरूक कराने के उद्देश्य से पर्यटन दिवस मनाया जाता है।