
शेयर बाजार में आज भारी गिरावट रही
मुंबई [महामीडिया] एशियाई बाजारों से मिलेजुले संकेतों के बीच शेयर बाजार सप्ताह के लास्ट ट्रेडिंग सेशन यानी शुक्रवार को गिरावट के साथ बंद हुए। रिलायंस इंडस्ट्रीज जैसी दिग्गज कंपनियों के नतीजों से पहले निवेशक सतर्क रुख अपना रहे हैं। कंपनियों के तिमाही नतीजे कमजोर रहने की वजह से बाजार में गिरावट देखने को मिली। तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स आज करीब 70 अंक की गिरावट लेकर 82,193.62 पर ओपन हुआ। खुलते ही इंडेक्स में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। करोबार के दौरान यह 81,608.13 अंक तक फिसल गया था। अंत में यह 501.51 अंक या 0.61% गिरकर 81,757.73 पर बंद हुआ। इसी तरह नैशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 भी गिरावट के साथ 25,108.55 पर ओपन हुआ। खुलने के कुछ देर बाद यह 25000 के सपोर्टिंग लेवल के नीचे चला गया। अंत में यह 143.05 अंक या 0.57 फीसदी गिरकर 24,968.40 पर क्लोज हुआ। एचडीएफसी बैंक, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, भारती एयरटेल, टाइटन और टेक महिंद्रा प्रमुख रूप से गिरावट में रहे।