नवीनतम
नीतीश कुमार दसवीं बार बिहार के मुख्यमंत्री बने
पटना [महामीडिया] बिहार के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने वाले जनता दल यूनाइटेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने आज गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में10वीं बार राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित भव्य समारोह में राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने नीतीश कुमार को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। 74 वर्षीय नीतीश कुमार पहली बार साल 2000 में मुख्यमंत्री बने थे । जनवरी 2024 में उन्होंने एनडीए में वापसी करते हुए 9वीं बार मुख्यमंत्री पद संभाला था और आज 10वीं बार शपथ ली। नीतीश कुमार के अलावा उपमुख्यमंत्री के रूप में विजय सिन्हा और सम्राट चौधरी ने भी शपथ ली। इसके अलावा अन्य विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली। गांधी मैदान में मंच पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी , गृह मंत्री अमित शाह समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्री उपस्थित थे । इसके अलावा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, उत्तराखंड के पुष्कर सिंह धामी, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, आंध्र प्रदेश के चंद्रबाबू नायडू, राजस्थान के भजनलाल शर्मा और महाराष्ट्र के देवेंद्र फडणवीस भी शपथ स्थल पर उपस्थित थे।