सूचना प्रौद्योगिकी कंपनियों के शेयर में नौ प्रतिशत की गिरावट
भोपाल [महामीडिया] आईटी कंपनियों के शेयर में बुधवार को जोरदार बिकवाली देखने को मिली। इंफोसिस, विप्रो और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज जैसे आईटी शेयर 9 प्रतिशत तक लुढ़क गए। इसका कारण अमेरिका और यूरोप में डेटा एनालिटिक्स, प्रोफेशनल सर्विसेज और सॉफ्टवेयर शेयरों में आई तेज गिरावट रहा। यह बिकवाली आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस डेवलपर एंथ्रॉपिक के नए एआई टूल पेश करने के बाद देखने को मिली। एंथ्रॉपिक के नए टूल के चलते आईटी कंपनियों के कारोबार में बड़े बदलाव की आशंका बढ़ गई है। बाजारों को चिंता है कि एंथ्रोपिक का नया AI टूल आईटी सर्विसेज की मांग को कम कर सकता है।अमेरिकी शेयर बाजार में कारोबार के दौरान निवेशकों में चिंता बनी रही। डर यह था कि नए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस टूल्स जानी मानी सॉफ्टवेयर और टेक कंपनियों के कारोबार को नुकसान पहुंचा सकते हैं। इससे इन कंपनियों की कीमत तय करने की क्षमता पर असर पड़ सकता है। भविष्य के मुनाफे को लेकर भी आशंका बढ़ गई। इसी चिंता के चलते सॉफ्टवेयर और क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर शेयरों में तेज बिकवाली देखी गई। खासकर उन कंपनियों के शेयर ज्यादा टूटे जिन्हें एआई से कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ सकता है।एआई सेक्टर की दिग्गज कंपनियां एनवीडिया और माइक्रोसॉफ्ट करीब 3 प्रतिशत तक गिर गईं।